सभी क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए काम करेगा बीएमएस

Aug 19, 2023 - 07:20
 0
सभी क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए काम करेगा बीएमएस

मीरजापुर जनपद के चुनार नगर के रामबाग में सुरभि शोध संस्थान में आयोजित भारतीय मजदूर संघ की तीन दिवसीय केंद्रीय कार्यसमिति का शुक्रवार को संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष हिरण्मय पांडया, राष्ट्रीय महामंत्री रविन्द्र हिमते, राष्ट्रीय संगठन मंत्री बी0 सुरेंद्रन व बीएमएस के पालक अधिकारी वी0 भगैय्या जी ने डमरू के निनाद घोष के बीच दीप प्रज्ज्वलन कर विधिवत शुभारंभ किया।

     राष्ट्रीय अध्यक्ष हिरण्मय पांड्या ने उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय मजदूर संघ वर्तमान में देश ही नहीं विश्व स्तर पर प्रथम क्रमांक का श्रम संगठन है। उन्होंने कहा कि संघ ने G-20 देशों एवं अतिथि देशों के सभी श्रम मंत्रियों की बैठक में G-20 एवं L-20 का संयुक्त स्टेटमेंट प्रस्तुत किया था। विश्वभर में सभी कामगारों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराया जाये और विश्वभर में महिलाओं की भविष्य में कार्यों में भागीदारी बढ़ सके। महिलाएं श्रम भी करें और उद्यमी भी बनें। विश्वभर में 35 प्रतिशत महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहीं हैं लेकिन भारत में यह प्रतिशत काफी कम हैं। इसके लिए भारतीय मजदूर संघ महिलाओं की विभिन्न क्षेत्रों में सहभागिता बढ़ाने के लिए सतत् प्रयास कर रहा है। साथ ही असंगठित क्षेत्रों के श्रमिकों के हितों के लिए निरंतर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर संघ एवं भारत के उद्योगों में भी पिछले 60 वर्षों में काफी बदलाव हुआ है। आने वाले समय में भी बदलाव होंगे। समय के साथ उद्योगों की तकनीकी में बदलाव न होने के कारण कई नामी कंपनियां प्रतिस्पर्धा के चलते बाजारों से बाहर हो गईं और वह बंद हो गईं जिससे हमारे श्रमिक की छुट्टी हो गई। उन्होंने आगाह करते हुए कहा कि आने वाले 10 सालों में दुनिया में काफी बदलाव हो जायेगा जिससे वर्तमान में चल रहे 70 फीसदी उद्योगों पर बंदी का खतरा मड़रा रहा है।उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर संघ चाहता है कि बदली परिस्थितयों में उद्योगों में बदलाव हो ताकि बाजारों में अच्छी गुणवत्ता के साथ उनके उत्पाद टिक सकें जिससे इसका लाभ उद्योगों और श्रमिकों को मिल सके।

      राष्ट्रीय महामंत्री रविन्द्र हिमते ने कहा कि आने वाले वर्षों में भारतीय मजदूर संघ 70 वर्ष पूर्ण करने के अवसर पर संगठन श्रमिक हित में अपने कार्यों का विस्तार करेगा। 2025 में संघ के 100 साल पूरे हो रहे हैं, इन दिनों में हम और हमारे पुराने कार्यकर्ता राष्ट्रहित में अपना निरंतर योगदान कर रहे हैं। बैठक के दौरान विभिन्न प्रदेशों के महामंत्रियों ने अपने प्रदेशों से संबंधित वृत्त प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।बैठक में क्षेत्रीय संगठन मंत्री अनुपम, प्रदेश महामंत्री अनिल उपाध्याय, केंद्रीय केंद्रीय पदाधिकारी, महासंघों के महामंत्री, उद्योगों के प्रभारी, क्षेत्रीय संगठन मंत्री तथा सभी प्रदेशों के महामंत्री एवं केंद्रीय कार्यसमिति के सदस्य उपस्थित रहे। अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष हिरण्मय पांड्या एवं संचालन राष्ट्रीय महामंत्री रविंद्र हिमते ने किया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow